लाठी लगने से चाचा भी जख्मी, अस्पताल में भर्ती
शुक्लन पुरवा गांव में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। महिगवां थाना क्षेत्र स्थित शुक्लन पुरवा गांव में सोमवार रात उस समय अचानक सनसनी फैल गई जब मामूली कहासुनी के बाद कलयुगी चाचा गुड्डन मिश्रा ने अपने 30 वर्षीय भतीजे दिव्यांशु मिश्रा उर्फ शुभम के ऊपर बांके से ताबड़तोड़ वारकर मार डाला। यह सनसनीखेज वारदात उस समय हुई जब चाचा-चाची के बीच हो रहे विवाद को दिव्यांशु सुलझाने गया था कि दोनों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई तभी गुड्डन ने दिव्यांशु के ऊपर बांके से हमला कर दिया, जबकि मृतक ने भी लाठी से हमला कर चाचा को जख्मी कर दिया था। डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद के मुताबिक आरोपित अभी अस्पताल में भर्ती है। उन्होंने बताया कि घरवालों की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। डीसीपी उत्तरी का कहना है कि इलाज होने के बाद आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
पुलिस मामले की पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
महिगवां थाना क्षेत्र के शुक्लन पुरवा ग्राम पंचायत परसहिया गांव निवासी दिव्यांशु मिश्रा उर्फ शुभम व गुड्डन मिश्रा रिश्ते में चाचा-भतीजे हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार रात गुड्डन मिश्रा और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। चाचा-चाची के बीच हो रहे विवाद सुनकर पड़ोस में रहने वाले दिव्यांशु मौके पर पहुंचकर दंपति को समझाने-बुझाने का प्रयास किया तो खूनी खेल खेलने वाला गुड्डन अपने भतीजे से भिड़ गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। बात इतनी बढ़ गई कि बेखौफ गुड्डन दिव्यांशु के ऊपर बांके से ताबड़तोड़ वारकर लहुलुहान कर दिया। यह माजरा देख दिव्यांशु भी लाठी-डंडों से वार किया, लेकिन अधिक जख्म होने पर दिव्यांशु खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। खबर मिलते ही डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान दिव्यांशु ने दम तोड़ दिया।
डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद के मुताबिक अभी गुड्डन मिश्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल से छुट्टी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद ने बताया कि घरवालों की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।





