November 4, 2026 12:49 am

कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड: नामजद आरोपित पचास हजार की इनामी मॉडल श्रद्धा दुबे बहन और चालक के साथ नागपुर से गिरफ्तार 

लखनऊ पुलिस ने यूपी एसटीएफ व नागपुर पुलिस की संयुक्त की कार्रवाई के बाद फरार चल रही श्रद्धा दुबे धरी गई 

नौ अक्टूबर 2026 से श्रद्धा बहन सहित तीन लोगों के साथ चल रही थी फरार 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड के मामले में फरार चल रही पचास हजार की इनामी नामजद आरोपित श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और चालक तनवीर उर्फ दानिश को लखनऊ पुलिस ने मंगलवार को यूपी एसटीएफ व नागपुर पुलिस के सहयोग से धरदबोचा।

बताया जा रहा है कि नेपाल से लेकर यूपी के अलग-अलग जिलों में ठिकाना बदल रही श्रद्धा दुबे नागपुर से भी कहीं भागने की फिराक में थी, लेकिन पुलिस टीम ने उसके नापाक इरादों को कुचलते हुए दबोच लिया। पुलिस कमिश्नर तरूण गाबा के मुताबिक मुख्य आरोपित सहित तीनों को नागपुर अदालत में पेश करने के बाद टीम लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इन्हें पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

सनद रहे कि नौ अक्टूबर 2026 को हजरतगंज क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मूल रूप से रायबरेली निवासी मॉडल श्रद्धा दुबे शिवा शर्मा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी। मौत के बाद से ही श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और चालक तनवीर उर्फ दानिश के साथ फरार हो गई थी। इस मामले में मृतक शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने हजरतगंज कोतवाली में तहरीर देकर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और चालक तनवीर के खिलाफ नामजद हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

इस मामले में लापरवाही बरतने वाले डीसीपी मध्य विक्रांत वीर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शासन ने हटाकर मुख्यालय संबद्ध कर दिया जबकि इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह को पुलिस कमिश्नर तरूण गाबा ने तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया था।

फरार चल रही श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और चालक तनवीर उर्फ दानिश की गिरफ्तारी के लिए इनाम की धनराशि बढ़ाकर पुलिस कमिश्नर ने पचास-पचास हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया था।

इनाम घोषित होते ही पुलिस की टीमें लगातार अलग-अलग जिलों और नेपाल सीमा सहित कई जगहों पर दबिश दे रही थी, लेकिन हर बार श्रद्धा दुबे बहन सहित ठिकाने बदल कर भाग निकलती थी।

पुलिस कमिश्नर तरूण गाबा के मुताबिक मंगलवार को लखनऊ पुलिस ने यूपी एसटीएफ की मदद और नागपुर पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार करने के बाद पुलिस नागपुर अदालत में पेश किया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों को पुलिस कस्टडी रिमांड में लेकर पूछताछ की जाएगी।

लंबी होगी पुलिस के सवालों की फेहरिस्त

कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपित मॉडल श्रद्धा दुबे सहित तीनों के पकड़े जाने के बाद बढ़ते दबाव के चलते आखिरकार दसवें दिन धर गिरफ्तार कर ली गई। पुलिस लंबी कवायद के बाद भी इन्हें गिरफ्तार करने में नाकाम रही। पुलिस और एसटीएफ को इनामी श्रद्धा, बहन रश्मि और चालक तनवीर के नागपुर में छिपकर रहने की भनक लग गई थी कि टीम वहां पहुंची और नागपुर पुलिस के सहयोग से दबोच लिया।

हालांकि अब मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे को पुलिस के सवालों की फेहरिस्त का सामना करना होगा। बताया जा रहा है कि पुलिस हत्या सहित अन्य मुकदमे के मामले में कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि इस दौरान रिश्तों की गहराई तथा शिवा शर्मा व आरोपी श्रद्धा दुबे के बीच हुए मनमुटाव से जुड़े कई ऐसे सवाल हैं, जिनके बारे में श्रद्धा से सीधे पूछताछ पुलिस के लिए काफी अहम होगा।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!