लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले माधौपुर इलाके में खेत से मिट्टी उठाने के विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में कोतवाली अलीगंज, लखनऊ के प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र दिया है।
लाठी-डंडों और हंसिए से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टिकरी खुद (मलिहाबाद) निवासी आकाश यादव (पुत्र दिनेश कुमार) ने माधौपुर में किसान बाबूलाल के खेत से मिट्टी भराई के कार्य के लिए मिट्टी खरीदी थी। आरोप है कि 24 अक्टूबर 2026 की तड़के सुबह जब वह खेत में खनन कार्य करवा रहा था, तभी पड़ोसी किसान बाबूलाल के खेत के पास रहने वाले राकेश, पंकज (पुत्र राजंद्र), मथुरा, अनिल (पुत्र मथुरा), हिमांशु (पुत्र पप्पु), अमन (पुत्र ओम प्रकाश) और सुनील उर्फ लाला (पुत्र मथुरा) ने एक राय होकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार (हंसिया) से हमला कर दिया।
गर्दन पर किया गया जानलेवा वार
शिकायतकर्ता आकाश यादव का आरोप है कि हमलावरों ने उसकी गर्दन पर हंसिए से जानलेवा हमला किया, जिससे वह लहूलुहान होकर मरणासन्न स्थिति में पहुंच गया। लाठी-डंडों की पिटाई से उसे गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसके बड़े भाई अजय कुमार को फोन कर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़ित के अनुसार, इस पूरी घटना का वीडियो और धमकी देने का ऑडियो उसके पास मौजूद है। घटना के बाद उसके भाई ने उसे अस्पताल पहुँचाकर भर्ती कराया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।





