November 3, 2026 10:40 pm

एसएआई लखनऊ की दो पहलों से फिटनेस, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश

लखनऊ में ‘संडेज ऑन साइकिल’ और नैनीताल में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम आयोजित

 

लखनऊ। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (NSRC), लखनऊ की ओर से फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, साइबर सुरक्षा जागरूकता और नशामुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। लखनऊ में उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (UPSSF) के सहयोग से साइबर सुरक्षा थीम पर ‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम हुआ, जबकि नैनीताल के भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ पहल के तहत युवाओं को जागरूक किया गया।

 

एसएआई एनएसआरसी लखनऊ के प्रभारी क्षेत्रीय निदेशक आत्मप्रकाश के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। लखनऊ में आयोजित साइकिल कार्यक्रम में यूपीएसएसएफ के लगभग 50 अधिकारियों ने भाग लिया। वहीं, नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम में एमवाई भारत के स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों और एसएआई एसटीसी नैनीताल के खिलाड़ियों सहित 120 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए।

 

लखनऊ के शांति नगर, कानपुर रोड स्थित सरोजनी नगर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जुम्बा, योग, रस्सीकूद, दौड़ और पुश-अप जैसी फिटनेस गतिविधियां कराई गईं। इसके साथ ही पांच किलोमीटर की साइकिल रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम में यूपीएसएसएफ के निरीक्षक प्रमोद यादव और निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

 

प्रतिभागियों को सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने, साइबर धोखाधड़ी से बचने और शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया योजना के तहत संचालित पहलों के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को टी-शर्ट और जलपान वितरित किया गया।

 

इस पहल से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों से जुड़े लगभग 1,500 प्रतिभागी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और अपने-अपने केंद्रों पर फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया।

 

उधर, नैनीताल स्थित भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों को अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में नशामुक्ति की शपथ, योग, फिटनेस चुनौतियों, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, रस्सीकूद, पेनल्टी शूटआउट और साइकिलिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा ‘पुल अगेंस्ट नशा’ थीम पर रस्साकशी भी कराई गई।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण सती मुख्य अतिथि तथा डॉ. नीलम जोशी और आलोक कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

 

एसएआई एनएसआरसी लखनऊ के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, सहायक निदेशक मनीष कुमार और सहायक निदेशक प्रवीण कुमार सीएम ने इन पहलों की सराहना करते हुए खेल और शारीरिक व्यायाम को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया। दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, डिजिटल सुरक्षा और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!