पलटते ही केमिकल का हुआ रिसाव, चारों ओर मचा कोहराम
घंटे भर अफ़रा-तफ़री किसान पथ पर लगा लंबा जाम
पुलिस फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ टीम के साथ मिलकर टैंकर का किया किनारे
संडीला से गुडंबा के प्लाईवुड फैक्ट्री में जा रहा था टैंकर
ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीकेटी थाना क्षेत्र के किसान पथ पर सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे तेज रफ्तार से आ रहा केमिकल से भरा टैंकर बेकाबू होकर पलट गया। बताया जा रहा है टैंकर पलटते ही टैंक से केमिकल निकलने लगा और उसकी बदबू हवा में घुल गई। इससे पूरे इलाके में से गुजरने वाले राहगीर तथा ग्रामीण बेहाल हो गए। जबकि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी, फायर ब्रिगेड कर्मी व एसडीआरएफ टीम के जवान भी बेहाल होते नजर आए, लेकिन इसके बावजूद भी सभी जवान टैंकर को क्रेन की मदद से सड़क किनारे करवाया। हालांकि इससे कोई भी जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे किसान पथ पर तेज रफ्तार से आ रहा फॉर्मेलिन केमिकल से भरा टैंकर पलट गया। पुलिस के मुताबिक यह टैंकर संडीला से गुडंबा में स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री में जा रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस फायर ब्रिगेड कर्मियों और एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचकर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आनन-फानन में टैंकर को क्रेन की मदद से सड़क किनारे करवाया, लेकिन इससे पहले आने-जाने वाले राहगीर तथा ग्रामीण इलाकों में केमिकल निकलने से बेहाल हो गए थे।
बताया जा रहा है कि यह एक ऐसा फॉर्मेलिन केमिकल है जो आंख, गले, नाक व त्वचा में जलन हो सकती है और इसके चलते आसपास में रहने वाले लोगों में दिक्कत महसूस हो सकती है। पुलिस के मुताबिक मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है यदि जलन हो तो तत्काल ठंडे पानी से साफ कर लें। हालांकि इस हादसे के बाद आसपास में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।





