भतीजे के आने पर हुई जानकारी, कमरे का दरवाजा बंद था
पुलिस डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट दस्ते के साथ छानबीन करने में जुटी
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, मकान नंबर 772के में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सनसनीखेज वारदात होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। हजरतगंज में कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड व सआदतगंज क्षेत्र में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की हुई हत्या का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि अब आशियाना क्षेत्र में मकान में अकेली रहने वाली 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला नीरा गुप्ता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव बुधवार दोपहर बाद कमरे में बेड के किनारे फर्श पर पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे भतीजे के आने के बाद जानकारी हुई। खबर मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट दस्ते के साथ छानबीन शुरू की।
आसपास में रहने वाले लोग बुजुर्ग महिला की लूटपाट का विरोध करने पर हत्या किए जाने की आंशका जता रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मौत कैसे हुई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आशियाना क्षेत्र के मकान नंबर 772-के में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला नीरा गुप्ता पत्नी एच आर गुप्ता अकेली रहतीं थीं। नीरा गुप्ता के भतीजे अनुभव सरकारी इंदिरा नगर के मकान नंबर 11/928 में रहते हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को अनुभव सरकारी ने हुआ की हालचाल लेने के लिए फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ तो वह आशियाना स्थित अपने बुआ के मकान पर आए।
अनुभव सरकारी ने बुआ को आवाज दी भीतर से कोई जवाब न मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दी।
खबर मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़वाकर कमरे में दाखिल हुए तो देखा कि बुजुर्ग महिला नीरा गुप्ता का शव बेड के किनारे फर्श पर पड़ा था।
पुलिस डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट दस्ते को बुलाकर गहनता से छानबीन शुरू की। पुलिस के मुताबिक घर के भीतर सामान सुरक्षित मिले हैं। वहीं आसपास के लोग लूटपाट का विरोध करने पर बुजुर्ग महिला नीरा गुप्ता की हत्या किए जाने की आंशका जता रहे हैं।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस का कहना है कि उनके शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं, लिहाजा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मौत कैसे हुई।
पुलिस ने खंगाले फुटेज, संदेह के आधार पर कुछ लोगों से कर रही पूछताछ
पुलिस डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट दस्ते के साथ छानबीन करने के साथ आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगालने में जुटी हुई है। पुलिस को यह भी शक है कि ऐसा तो नहीं घर के भीतर कोई संदिग्ध शख्स आया हो। बताया जा रहा है कि मृतका के शरीर पर भले ही कोई चोट के निशान न मिले हों लेकिन पुलिस इस मामले में गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। वहीं मौके से फौरेंसिक टीम नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिया है।





