November 3, 2026 7:54 pm

शहीद भगत सिंह वार्ड में भव्य कलश यात्रा के साथ 5 दिवसीय श्री राम कथा का शुभारंभ, जगतगुरु शंकराचार्य सुना रहे राम कथा

लखनऊ। (संवाददाता) शहीद भगत सिंह वार्ड संख्या 2 के अंतर्गत सच्चिदानंद आश्रम, ऋषि विहार कॉलोनी (मोहम्मदपुर मजरा) में 28 अक्टूबर से 5 दिवसीय श्री राम कथा एवं आध्यात्मिक सत्संग का भव्य शुभारंभ हो गया है। 1 नवंबर तक चलने वाले इस दिव्य धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत एक विशाल और भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। यह कथा प्रतिदिन दोपहर बाद शाम 3:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस पावन अवसर पर अनंत श्री काशी पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी श्री नारायणानंद तीर्थ जी महाराज मुख्य व्यासपीठ पर विराजमान हैं। उनके श्रीमुख से राम कथा की अमृत वर्षा शुरू हो चुकी है। कथा के पहले दिन की शुरुआत पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार और गणेश वंदना के साथ की गई, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई कलश यात्रा

कथा के शुभारंभ से पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर क्षेत्र का भ्रमण किया। श्रद्धालुओं के उत्साह और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल मुस्तैद रहा, जिसकी मौजूदगी में कलश यात्रा पूरी तरह से अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। धार्मिक महाउत्सव को सफल बनाने में स्थानीय आयोजन समिति और क्षेत्र के गणमान्य लोग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। इस पावन मौके पर कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट महेंद्रनाथ पांडेय, अध्यक्ष प्रदीप तिवारी, और सूर्य श्याम पांडे ने व्यवस्थाओं की कमान संभाली। इसके साथ ही राजीव राजभर, अजय सिंह, शैलेंद्र पांडे, विनय तिवारी, विकास मिश्रा और धर्मेंद्र सक्सेना सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक सम्मिलित हुए।

यह 5 दिवसीय आध्यात्मिक समागम 1 नवंबर तक रोजाना शाम 3 से 6 बजे तक संचालित होगा, जिसमें जगतगुरु शंकराचार्य जी महाराज द्वारा जीवन प्रबंधन और रामचरितमानस के गूढ़ रहस्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। आयोजन समिति ने सभी क्षेत्रवासियों व धर्मप्रेमियों से समय पर कथा में पहुंचकर पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!