मलिहाबाद, लखनऊ (संवाददाता)। राजधानी लखनऊ के विकासखंड मलिहाबाद की सबसे बड़ी ग्राम सभा जिदौर (जिसके अंतर्गत 18 गांव आते हैं) में शनिवार को प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप एक अनूठा आयोजन किया गया। पंचायत भवन जिदौर परिसर में प्राथमिक विद्यालय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय और बाकी नगर के बच्चों ने मिलकर विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए।
इस बाल मेले में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए चाट, चाऊमीन, पकौड़ी, बर्गर, समोसा, टिक्की और पानी के बताशे जैसे लजीज व्यंजनों के स्टॉल सजाए। कार्यक्रम में पहुंचे ग्रामीणों और आम जनता ने बच्चों के स्टॉलों पर जाकर इन व्यंजनों का जमकर लुत्फ उठाया और बच्चों के उत्साह की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, ग्राम प्रधान सतीश गोस्वामी, अनुज वर्मा, इश्तियाक अली और मुस्ताक अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के इस प्रयास और कौशल की प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी।





