November 7, 2026 2:02 am

SDM का आदेश बेअसर! तहसील की स्मृति वाटिका में अब भी जमीं हैं गुमटियां

उपजिलाधिकारी द्वारा अतिक्रमण हटाने के निर्देश के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई! क्या किसी प्रभावशाली के आगे नतमस्तक हो गया तहसील प्रशासन?

 

न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी। बाराबंकी की तहसील रामसनेहीघाट परिसर के सामने स्थित स्वर्गीय तहसीलदार हरिशंकर सिंह स्मृति वाटिका में रखी गई गुमटियों को हटाने के प्रशासनिक आदेश अब तक धरातल पर लागू नहीं हो सके हैं। पहले तहसीलदार और बाद में उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट बृजेंद्र उपाध्याय द्वारा अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद पार्क में रखी गुमटियां आज भी जस की तस खड़ी हैं।

स्मृति वाटिका को कभी एक सुंदर, स्वच्छ और सार्वजनिक उपयोग के पार्क के रूप में विकसित किया गया था। लेकिन समय के साथ यहां भारी-भरकम गुमटियां रखे जाने से पार्क की सुंदरता और उपयोगिता प्रभावित होने लगी। मामला सामने आने पर प्रशासन ने कार्रवाई के निर्देश तो दिए, लेकिन उन आदेशों का अब तक कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।

बताया जाता है कि मामला उपजिलाधिकारी के संज्ञान में पहुंचने पर उन्होंने संबंधित विभाग और नगर पंचायत को तत्काल गुमटियां हटाकर स्मृति वाटिका को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद मौके पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

आदेश के पालन पर उठे सवाल:

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब एसडीएम के स्पष्ट निर्देश जारी हो चुके हैं, तो उनका पालन क्यों नहीं हुआ? क्या संबंधित अधिकारी और कर्मचारी आदेश को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, या फिर किसी प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी गई है?

मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सार्वजनिक पार्क से अतिक्रमण हटाने के प्रशासनिक आदेश भी लागू नहीं हो पा रहे हैं, तो आम नागरिकों की शिकायतों पर कार्रवाई की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

अब उच्चाधिकारियों की कार्रवाई का इंतजार:

फिलहाल स्मृति वाटिका में गुमटियां अब भी मौजूद हैं और अतिक्रमण समाप्त नहीं हुआ है। ऐसे में लोगों की निगाहें अब उच्चाधिकारियों पर टिकी हैं कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करेंगे या फिर यह आदेश भी केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएगा।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है—एसडीएम का आदेश बेअसर क्यों? आखिर स्मृति वाटिका को अतिक्रमण मुक्त कब कराया जाएगा?

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!