August 8, 2026 2:12 am

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बाराबंकी: अवैध गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

20.570 किलोग्राम अवैध गांजा, मोबाइल फोन व 1,080 रुपए की नकदी बरामद 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। एएनटीएफ यूनिट बाराबंकी ने बीकेटी पुलिस के सहयोग से शनिवार को मुखबिर की सूचना पर सीतापुर रोड पर चंद्रिका देवी मंदिर के पास स्थित एक अस्पताल के पास से दो तस्करों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। एएनटीएफ टीम को इनके पास से 20.570 किलोग्राम अवैध गांजा, मोबाइल फोन व नकदी बरामद हुई है। बरामद अवैध गांजा की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में दस लाख तीस हजार रुपए बताई जा रही है।

एएनटीएफ यूनिट बाराबंकी के उपनिरीक्षक करूणेश पांडेय के मुताबिक शुक्रवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि बीकेटी थाना क्षेत्र के सीतापुर रोड पर चंद्रिका देवी मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित एक अस्पताल के पास कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं जो अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करने कहीं जा रहे हैं। इस सूचना पर एएनटीएफ यूनिट के उपनिरीक्षक करूणेश पांडेय उपनिरीक्षक पुरूषोत्तम विश्वकर्मा, हेड कांस्टेबल आलोक सिंह,हेड कांस्टेबल सुनील राय, हेड कांस्टेबल मकसूद आलम, कांस्टेबल अमरपाल, कांस्टेबल गौरव तिवारी के अलावा बीकेटी थाने में तैनात उपनिरीक्षक अजय गौतम व उपनिरीक्षक शैलेन्द्र मिश्रा के साथ मौके पर पहुंचे और घेरेबंदी कर मौके से दो लोगों को धरदबोचा। एएनटीएफ टीम के मुताबिक पकड़े गए दोनों तस्करों ने पूछताछ में अपना नाम हरदोई जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित खजांची टोला निवासी फिरोज पुत्र मतीन व उपरोक्त निवासी नजावत पुत्र जमायत खां बताया। एएनटीएफ के उपनिरीक्षक के मुताबिक पकड़े गए दोनों तस्करों ने पूछताछ में बताया कि यह लोग लखनऊ के रहने वाले एक व्यक्ति से मादक पदार्थ लेकर सीतापुर होते हुए हरदोई लेकर बेचने जा रहे थे। पूछताछ में दोनों तस्करों ने पुलिस को बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है जो काफी दिनों से इस गोरखधंधे में लिप्त है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!