डीजी ने दिए सख्त निर्देश,किसी भी सूरत में नहीं बरती जाए लापरवाही
ए अहमद सौदागर लखनऊ। दीपावली महापर्व 6 से 11 नवंबर के दौरान यूपी-112 की आपातकालीन सेवाएं निर्बाध और प्रभावी रूप से चलती रहें, इसके लिए यूपी-112 मुख्यालय में तैयारियों की समीक्षा की गई।
पुलिस महानिदेशक, यूपी-112 बिनोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि त्योहार के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में कहा कि 6 से 11 नवंबर तक मुख्यालय के राजपत्रित अधिकारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, ताकि लगातार निगरानी बनी रहे।
उन्होंने कहा कि निरीक्षक से लेकर आरक्षी तक सभी अराजपत्रित कार्मिकों की ड्यूटी चार शिफ्टों में लगेगी। हाई प्रायोरिटी इवेंट्स की सघन निगरानी होगी और पीड़ित को पीआरवी के जरिए जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जाएगी।डीजी यूपी-112 नें कहा कि सिस्टम इंटीग्रेटर और सेवा प्रदाता एजेंसियों के प्रतिनिधियों का भी शिफ्टवार रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि तकनीकी व्यवस्था में कोई रुकावट न आए।
वही बिजली जाने पर भी सेवाएं न रुकें, इसके लिए जेनसेट का पहले से परीक्षण कराने और पर्याप्त डीजल रिजर्व रखने के निर्देश दिए गए।
डीजी यूपी-112 ने कहा कि दीपावली के दौरान हर आपातकालीन कॉल पर त्वरित और प्रभावी रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण पुलिस सहायता मिल सके।




