एसएस ग्राउंड होटल के पास सड़क किनारे पड़ा मिला खून से लथपथ शव
हत्या की वजह तक नहीं पहुंच सकी पुलिस
फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस कर गहनता से छानबीन
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में हत्या कर शव फेंकें जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बीते दिनों हुई कुछ संगीन घटनाओं के मामले को पुलिस सुलझा भी नहीं पाई थी कि उसे सोमवार सुबह एक और चुनौती मिल गई। कृष्णानगर में एक युवक (35) की गला रेत कर हत्या कर दी गई। उसका खून से लथपथ शव एसएस ग्राउंड होटल के पास सड़क किनारे मौरंग पर पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शव की पहचान काकोरी क्षेत्र के गोला कुआं टिकैत गंज निवासी 35 वर्षीय रामबाबू मौर्य पुत्र गोविंद प्रसाद मौर्य के रूप में हुई। वह एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करता था। पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
काकोरी थाना क्षेत्र स्थित गोला कुआं टिकैत गंज निवासी गोविंद प्रसाद मौर्य का बेटा एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करता था।
बताया जा रहा है कि रोज की तरह वह काम करने के लिए निकला था। सोमवार सुबह साढ़े छह बजे आसपास के लोगों ने कृष्णानगर क्षेत्र के एसएस ग्राउंड होटल के पास सड़क किनारे मौरंग पर एक युवक का खून से लथपथ पड़ा शव देख इसकी सूचना पुलिस को दी।
हत्या किए जाने की खबर मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्ला पल्ली वसंथ कुमार सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्ला पल्ली वसंथ कुमार के मुताबिक मामले की छानबीन के दौरान शव की पहचान काकोरी क्षेत्र के गोला कुआं टिकैत गंज निवासी रामबाबू मौर्य के रूप में हुई है। उसके गले पर किसी धारदार हथियार से रेतने का निशान था, जबकि शरीर पर कई जगह गहरे घाव के निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि हमलावर से मुकाबला किया, लेकिन उनके आगे घुटने टेक कर रह गया।
पुलिस रंजिश सहित कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कातिलों की तलाश की जा रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि रामबाबू मौर्य की जान हमलावरों ने क्यों ली उनके पकड़े जाने के बाद असलियत सामने आएगी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।





