2,11,800 रुपए की नकदी व घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। इंदिरा नगर क्षेत्र दो घरों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का राजफाश कर इंस्पेक्टर गाजीपुर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, उपनिरीक्षक धनपाल, हेड कांस्टेबल बालकुश, हेड कांस्टेबल अशोक यादव, कांस्टेबल रविंद्र सिंह, कांस्टेबल भुवन विक्रम के अलावा क्राइम टीम के उपनिरीक्षक अमरनाथ चौरसिया, मुख्य आरक्षी संदीप पाण्डेय, आरक्षी तरनजीत सिंह, आरक्षी प्रदीप कुमार, आरक्षी शिवानंद खरवार, आरक्षी अजय यादव व आरक्षी राघवेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर कुकरैल जंगल के गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय के मुताबिक पकड़े गए दोनों आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम विभूतिखंड क्षेत्र के कठौता गांव निवासी 24 वर्षीय श्याम सुंदर उर्फ गोलू पुत्र राधेश्याम व बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के महादेवा व हाल पता करामत मार्केट निशातगंज महानगर निवासी 36 वर्षीय मोहम्मद शमीम पुत्र स्व मुशीर अहमद बताया। उन्होंने बताया कि इसी गिरोह ने 31 जुलाई 2026 को इंदिरा नगर में रहने वाले जय श्रीवास्तव और छह अगस्त 2026 को सेक्टर 14 इंदिरा नगर निवासी रजनी शर्मा के मकान का ताला तोड़कर चोरी किया था।
उपनिरीक्षक के मुताबिक आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है जो बंद मकानों की रैकी करने के बाद घर में घुसकर चोरी कर भाग निकलते हैं। पुलिस ने बताया कि अलग-अलग दिनों में बंद मकानों में चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देकर चोरी के सामान को बेचकर एशो-आराम करने की बात कबूली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।





