भाजपा बूथ अध्यक्ष का सिर भी बट मारकर किया जख्मी तो हो गए निलंबित
पीटने लूटने का यह पहला मामला नहीं है इससे पहले भी कई पुलिसकर्मी दामन पर दाग लगा चुके हैं
बंथरा थाना क्षेत्र में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। किसी अधिकारी को यह पता चले कि उसके अधीनस्थ खुलेआम मनमानी कर रहे हैं तो आप का पहला सवाल होगा कि जब बेइमानी पकड़ी गई तो सजा क्या दी? लेकिन पुलिस कमिश्नर तरूण गाबा ऐसा नहीं सोचते। बंथरा थाना क्षेत्र के खसरवारा गांव में एक मंदिर के पास अंडे की दुकान लगाने को लेकर हुए विवाद की खबर मिलते ही उपनिरीक्षक सचिन कुमार यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो झगड़ा सुलझाने के बजाए पीड़ित परिवार पर ही कहर बनकर बरस पड़े।
दरोगा जी ने लात-घूंसे के साथ ही अपनी सर्विस पिस्टल की बट से वारकर भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
इस मामले की खबर जैसे ही पुलिस कमिश्नर तरूण गाबा को लगी तो वह खासा नाराज हो गए और मनमानी करने तथा कानून का उलंघन करने वाले दरोगा सचिन कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए।
पुलिस कमिश्नर तरूण गाबा का फरमान जारी होते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने उपनिरीक्षक सचिन कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए।
सनद रहे कि गुरुवार को बंथरा थाना क्षेत्र के खसरवारा गांव में मंदिर के पास अंडे की दुकान लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। झगड़ा होने की खबर मिलते ही उपनिरीक्षक सचिन कुमार यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो वह झगड़ा सुलझाने के बजाए पुलिसकर्मियों के साथ पीड़ित के ही घर में घुसकर परिवार को पीटने लगे। विरोध करने पर बेखौफ दरोगा ने पिस्टल की बट से वारकर पीड़ित अरविंद का सिर फोड़कर लहुलुहान कर दिया। पुलिस की ज्यादती देख गांव वाले मौके पर पहुंचे तो लाठियां बरसाने वाले पुलिसकर्मी मौके से भाग निकले। पुलिस की रवैए से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अरविंद का आरोप है कि गुरुवार देर रात करीब 11 बजे दरोगा सचिन कुमार यादव अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और उनके परिवार के साथ अभद्रता शुरू कर दी और लाठियां बरसाते हुए पीटना शुरू कर दिया। इस मामले की खबर मिलते ही पुलिस के आलाधिकारियों का ग़ुस्सा फूट पड़ा और तत्काल प्रभाव से दरोगा सचिन कुमार यादव को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी।





