November 14, 2026 10:07 pm

छठ महापर्व पर सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी, पुलिस और पीएसी जवानों को किया गया मुस्तैद 

पुलिस कमिश्नर तरूण गाबा ने बैठक कर दिए निर्देश

पचास-साठ हजार की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

ए अहमद सौदागर लखनऊ। रविवार को होने वाले छठ महापर्व के मद्देनजर लखनऊ में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यहां पुलिस के साथ भारी मात्रा में पीएसी जवानों को तैनात किया गया है।

पुलिस कमिश्नर तरूण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने शनिवार को जोन के सभी पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर उन्हें छठ महापर्व के मौके पर सुरक्षा-व्यवस्था के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। खासकर छठ पूजन के दौरान मुस्तैदी बरतने के लिए कहा गया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस दौरान गड़बड़ी करने वालों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने कहा कि सुरक्षा-व्यवस्था के लिहाज से सभी घाटों को चिन्हित कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि राजधानी के पूर्वी जोन में 47 पूजा स्थल, पश्चिमी जोन में 17 स्थल, उत्तरी जोन में आठ स्थल, दक्षिणी जोन में 63 स्थल व मध्य जोन में 22 स्थल हैं जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है।

भीड़भाड़ वाले घाटों पर सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद

कुड़िया घाट, लल्लूमल घाट, पक्का पुल, हनुमान सेतु, निशातगंज, खाटू श्याम मंदिर घाट, झूलेलाल पार्क, लक्ष्मण मेला मैदान, गोमती बैराज, पिपरा घाट, मां चंद्रिका देवी घाट, चिनहट के छोहरिया माता मंदिर घाट सहित अन्य घाटों का पुलिस के आलाधिकारी निरीक्षण कर तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए। बताया गया कि लक्ष्मण मेला मैदान स्थित गोमती नदी घाट तथा कुकरैल बैराज व कुड़िया घाट पर करीब साठ-सत्तर हजार की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

वहीं घाटों पर साफ-सफाई एवं महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की गई है। जबकि इस मौके पर श्रधालुओं की लिए चिकित्सक दल व एंबुलेंस की तैनाती की गई है। वहीं गोमती नदी किनारे बैरीकेडिंग, जल पुलिस, स्टीमर व मोटरबोट की भी व्यवस्था की गई है जबकि इस दौरान नगर निगम द्वारा स्थायी व अस्थाई सीढ़ियों का भी इंतजाम किए गए हैं ताकि फिसलने से बचाव किया जा सकेगा।

इसके अलावा यहां कंट्रोल रूम एवं सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पुलिस कमिश्नर तरूण गाबा ने आपसी भाईचारे एवं शांति तथा सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!