पुलिस झंडा दिवस: हर साल बेहतर सेवा की निरंतर प्रेरणा देता है पुलिस ध्वज: डीजीपी
ए अहमद सौदागर लखनऊ । पुलिस झंडा दिवस पर पुलिस मुख्यालय 2025 में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर पुलिस ध्वज को ध्वज स्तम्भ के निकट ससम्मान से लाया गया।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा व पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा पुलिस ध्वज का अभिवादन किया गया एवं बैण्ड द्वारा ‘सारे जहाँ से अच्छा’ धुन बजायी गयी। जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।इस मौके पर डीजीपी राजीव कृष्णा नें कहा कि 23 नवम्बर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री नें उत्तर प्रदेश पुलिस को उसकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता, अदम्य साहस तथा समर्पित सेवा के लिए ‘पुलिस कलर’ अर्थात पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह गौरव प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का प्रथम राज्य पुलिस बल है। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज दिवस केवल एक औपचारिक तिथि नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की विरासत, अनुशासन और कर्तव्यबोध का जीवंत प्रतीक है, जो हर वर्ष बेहतर से बेहतर सेवा के लिए निरंतर प्रेरणा देता है। हम ऐसे ध्वज को नमन कर रहे हैं जो शौर्य से जन्मा, निष्ठा से पला और बलिदानों से सींचा गया है।
इस मौके पर पुलिस महानिदेशक ईओडब्ल्यू, यूपी-112, अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे, अपर पुलिस महानिदेशक लॉजिस्टिक, अपर पुलिस महानिदेशक मानवाधिकार, अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।




