किया शिष्टाचार भेंट, डीजीपी ने दी शुभकामनाएं
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से राष्ट्रीय स्तर की एंड्योरेंस साइक्लिस्ट, पर्वतारोही एवं प्रेरक खिलाड़ी आशा मालवीय ने बुधवार शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात उनके चल रहे साइक्लिंग अभियान के दौरान हुई।जिसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, धैर्य तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना है ।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण नें उनके असाधारण साहस, समर्पण और कठिन अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयास देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं तथा नारी शक्ति की सशक्त अभिव्यक्ति हैं। देश के विविध और चुनौतीपूर्ण भूभागों में हजारों किलोमीटर की उनकी साइक्लिंग यात्राएं धैर्य, अनुशासन और राष्ट्रीय भावना के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। इस साइकिल यात्रा के लिए उन्हें शुभकामनाएँ प्रदान की गईं।
शिष्टाचार भेंट के दौरान आशा मालवीय ने देशभर में अपनी साइक्लिंग यात्राओं के अनुभव साझा किए और बताया कि किस प्रकार कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और साहस के साथ आगे बढ़ते हुए उन्होंने अपनी यात्राओं को पूरा किया। अब तक वह अपने विभिन्न अभियानों के माध्यम से 64,000 किलोमीटर से अधिक की साइक्लिंग यात्रा पूरी कर चुकी हैं। उन्होंने युवाओं, विशेषकर युवतियों को अपने सपनों का साहसपूर्वक पीछा करने और देश के लिए सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
बताया जा रहा है कि आशा मालवीय मध्य प्रदेश के जनपद राजगढ़ के नटराम गाँव की निवासी है, जो एक साहसी पर्वतारोही भी हैं। उन्होंने 20,500 फीट ऊँची ‘बिसी राय’ तथा 19,545 फीट ऊँची ‘तेनजिंग खान’ सहित अनेक पर्वत चोटियों पर सफलतापूर्वक आरोहण कर भारतीय तिरंगा फहराया है।




