लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न निर्माणदायी विभागों के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई प्रदेश की सड़कों को तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन योग्य बनाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री जी द्वारा जारी मुख्य निर्देश
तत्काल मोटरेबल और स्थायी नवीनीकरण: बारिश से क्षतिग्रस्त नए मार्गों का तत्काल सर्वे कराया जाए। वर्तमान में खराब सड़कों को प्राथमिकता पर ‘मोटरेबल’ बनाया जाए और मानसून समाप्त होने के बाद उनका स्थायी नवीनीकरण कराया जाए।
त्योहारों से पूर्व मरम्मत पूर्ण करने के आदेश: आगामी पर्वों और त्योहारों के दौरान यात्रियों व आमजन की बड़ी संख्या को देखते हुए सभी प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुगम रखा जाए। पर्वों से पहले आवश्यक मरम्मत का काम पूरा किया जाए।
जनसुविधा वाले स्थानों को प्राथमिकता: शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, मुख्य बाजारों और सरकारी कार्यालयों को जोड़ने वाले मार्गों पर बिना किसी देरी के तत्काल कार्य शुरू किया जाए।
गुणवत्ता और विभागीय समन्वय: निर्माण कार्यों की गति के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय, मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं औद्योगिक विकास विभाग आपस में बेहतर समन्वय के साथ काम करें।





