हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार, तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई
घटना से इलाके में फैली सनसनी, पुलिस अधिकारी मौके पर
कृष्ण लोक कॉलोनी के सामने देशी शराब ठेके के पास हुई वारदात का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में दुस्साहसिक घटना होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार देर शाम मलिहाबाद क्षेत्र में बीमा एजेंट को गोली मारकर घायल करने का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि अब मड़ियांव थाना क्षेत्र के सीतापुर रोड पर कृष्ण लोक कॉलोनी के सामने स्थित देशी शराब ठेके के पास शनिवार को उस समय अचानक हड़कंप मच गया जब मोटरसाइकिल की टक्कर लगने के बाद बौखलाए एक सिरफिरे ने 70 वर्षीय बुजुर्ग मदन बिहारी तिवारी और उनके पौत्र संकल्प तिवारी के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ वारकर लहुलुहान कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में जख्मी दादा पोते को केजीएमयू में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग मदन बिहारी तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं संकल्प तिवारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी नवीन कुमार सिंह के मुताबिक कि हमलावर की पहचान कर ली गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगा दी गई हैं और उम्मीद है कि जल्द ही पकड़ लिए जाएगा।
मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित भरत नगर निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग मदन बिहारी तिवारी शनिवार को अपने 19 वर्षीय पौत्र संकल्प तिवारी के साथ कहीं जा रहे थे कि जैसे ही वह कृष्ण लोक कॉलोनी के सामने देशी शराब ठेके के पास पहुंचे कि एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल की टक्कर लगने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि उक्त व्यक्ति ने बुजुर्ग मदन बिहारी तिवारी और उनके पौत्र संकल्प तिवारी के ऊपर चाकू से वारकर दिया, जिससे दादा पोते गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की खबर मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी नवीन कुमार सिंह सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायलों को ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां इलाज के दौरान बुजुर्ग मदन बिहारी तिवारी ने दम तोड़ दिया, जबकि संकल्प तिवारी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी नवीन कुमार सिंह के मुताबिक स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई तो हमलावर की पहचान मड़ियांव के केशव नगर निवासी 40 वर्षीय राज कुमार उर्फ मलाई के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि नामजद आरोपी राज कुमार उर्फ मलाई की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।





