ट्रामा सेंटर में भर्ती, हालत गंभीर, सरेशाम हुई घटना से इलाके में फैली सनसनी
पुलिस अधिकारी मौके पर जांच-पड़ताल में जुटे, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश
पुलिस पुरानी रंजिश सहित कई बिंदुओं पर गहनता से कर रही पड़ताल
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में दुस्साहसिक घटना होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के बैंक ऑफ़ इंडिया ढेढेमऊ के सामने शुक्रवार देर शाम उस समय अचानक हड़कंप मच गया जब 36 वर्षीय कलेक्शन एजेंट समेन्द्र यादव पुत्र उमाशंकर को दो अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहुलुहान कर सड़क पर गिर पड़ा। गोली चलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना उस समय हुई जब समेन्द्र एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर खड़ा था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
काकोरी थाना क्षेत्र के सैफलपुर गांव निवासी 36 वर्षीय समेन्द्र यादव एलआईसी कंपनी में बतौर बीमा एजेंट के पद पर कार्यरत है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर शाम कलेक्शन एजेंट समेन्द्र यादव एक दुकान पर फोटो कापी कराने के लिए आए कि इसी दौरान असलहों से लैस दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर गोली मार दी। इंस्पेक्टर काकोरी के मुताबिक घायल को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की तस्वीर मिली है, जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश करने में जुट गई है। वहीं पुलिस पुरानी रंजिश को भी लेकर मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।





