November 6, 2026 2:24 pm

मलिहाबाद में अमर शहीद मंगल पांडे के प्रपौत्र संतोष पांडे का भव्य स्वागत, गौ-सेवा व सांस्कृतिक विषयों पर हुआ मंथन

मलिहाबाद के देवम लॉन पर हुआ आत्मीय स्वागत, सम्मानित किया गया 

 

मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में आज देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत और महान क्रांतिकारी अमर शहीद मंगल पांडे के प्रपौत्र संतोष पांडे का मलिहाबाद स्थित श्री गोपेश्वर गौशाला आगमन पर भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। गौशाला परिसर पहुंचने पर प्रबंधन और स्थानीय नागरिकों ने उनका अभिनंदन किया।

गौशाला आगमन के पश्चात संतोष पांडे ने श्री गोपेश्वर नाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने चिंता हरण हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर देश, समाज तथा जन-कल्याण की मंगलकामना की। इस विशेष अवसर पर उनके साथ गोरखपुर के प्रखर एवं प्रभावशाली वक्ता निखिल तिवारी भी उपस्थित रहे। गोपेश्वर गौशाला परिवार द्वारा दोनों अतिथियों का अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया गया।

उल्लेखनीय है कि शहीद मंगल पांडे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के उन अग्रगण्य नायकों में से हैं, जिन्होंने 1857 की क्रांति का बिगुल फूंककर ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिला दी थी। बैरकपुर सैन्य छावनी में अंग्रेजी शासन के अत्याचारों के विरुद्ध उनके अभूतपूर्व साहस और विद्रोह ने पूरे देश में स्वाधीनता की अलख जगाई थी। उनका महान त्याग, राष्ट्रभक्ति और अदम्य साहस आज भी प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।संतोष पांडे के इस प्रवास के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, सनातन संस्कृति, गौ-संवर्धन और समाज निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। गौशाला परिवार ने व्यक्त किया कि अमर बलिदानियों की गौरवशाली विरासत को भावी पीढ़ी तक पहुंचाना और उनके पदचिन्हों पर चलने के लिए युवाओं को प्रेरित करना समाज का नैतिक दायित्व है।इसके उपरांत देवम लॉन के प्रबंध निदेशक विकास पाठक ने भी संतोष पांडे का जोरदार एवं आत्मीय स्वागत किया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता रामसिंह यादव, गौशाला प्रबंधक उमाकांत गुप्ता सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!