इसके पास से सोने के दो कंगन व नकदी बरामद
पेपर मिल कॉलोनी में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। महानगर पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर 12 अगस्त 2026 को निशातगंज के पेपर मिल कॉलोनी स्थित मेट्रो सिटी में रहने वाली शालिनी मिश्रा पत्नी प्रवीण कुमार मिश्रा के घर चोरी होने का राजफाश किया है। इंस्पेक्टर के मुताबिक इस घटना को अंजाम किसी और ने नहीं बल्कि श्रीमती मिश्रा के घर काम करने वाले नौकर जितेन्द्र पंडित की 40 वर्षीय पत्नी विभा देवी ने दिया था।
पुलिस को इसके पास से दो सोने के कंगन व 25 हजार रुपए की नकदी बरामद हुई है।
पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर मधुबनी बिहार निवासी विभा देवी पत्नी जितेन्द्र पंडित को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर के मुताबिक पकड़ी गई विभा देवी ने पूछताछ में बताया कि उसके पति जितेन्द्र पंडित करीब बारह साल से शालिनी मिश्रा के घर रहकर रसोइए का काम करते हैं, जिसमें वह कभी-कभी शालिनी के घर पर आया करती थी।
यह भी बताया कि वह इससे पहले भी कई बार नकदी व जेवरात चोरी कर चुकी है और दंपति ने चोरी किए गए जेवरात बेचकर रुपए अपने बैंक खाते में जमा कर मोटी रकम इकठ्ठा होने पर जमीन भी खरीदने की बात स्वीकार की। पुलिस घटना का राजफाश कर अभियुक्ता को सलाखों के पीछे भेज दिया है।





