किसी खतरनाक योजना बनाने की थी तैयारी, एटीएस ने नापाक इरादे को किया नाकाम
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी एटीएस ने आतंकवादी संगठन अल कायदा संगठन से जुड़े एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद नबील के रूप में हुई है। नबील ग्राम चितारा, महमूदपुर, थाना दीदारगंज, आजमगढ़ का निवासी है। एटीएस के मुताबिक नबील सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध गतिविधियां कर रहा था। आरोपी पर युवाओं को आतंकी विचारधारा से जोड़ने का आरोप है। बताया गया कि नबील अल कायदा इंडियन सब-कॉन्टिनेंट की विचारधारा से प्रभावित था।
नबील ने गालिब-इल्लल्लाह नाम का ग्रुप बनाया था। इस ग्रुप के जरिए युवाओं को मुजाहिद बनने के लिए तैयार करने का आरोप है। ग्रुप में जिहाद, चाकू, केमिकल, प्लान, ट्रिप, पेन, जूस और प्रोजेक्ट जैसे कोड इस्तेमाल किए जाते थे। एटीएस के मुताबिक नबील ने जिहाद करने के 44 तरीके नाम की किताब ग्रुप में शेयर की। आरोपी के मोबाइल से Flames of Warजैसे अन्य व्हाट्सऐप ग्रुपों से जुड़े होने की जानकारी मिली। इन ग्रुपों में बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब समेत कई देशों के लोग जुड़े होने की बात एटीएस ने कही। पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश में ट्रेनिंग और बम बनाने की योजना का भी खुलासा हुआ है। एटीएस के मुताबिक नबील साथियों के साथ मिलकर भारत में गजवा-ए-हिंद की योजना बना रहा था। आरोपी के खिलाफ लखनऊ में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है, आगे की गहनता से कार्रवाई जारी है।





