मलिहाबाद, लखनऊ (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र में आज सोमवार को भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। रहीमाबाद चौराहे के पास गहदो मार्ग पर स्थित श्री ठाकुर जी महाराज राम जानकी मंदिर में मंदिर ट्रस्ट द्वारा भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसके उपरांत मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई।
भक्तिमय माहौल में निकली शोभा यात्रा
प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर निकाली गई इस विशाल शोभा यात्रा में रहीमाबाद और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी “जय श्री राम” के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर पहुंची। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्त झूमते नजर आए।
विधि-विधान से हुई स्थापना
शोभा यात्रा के मंदिर पहुँचने के पश्चात विद्वान पंडितों के सानिध्य में पूरे धार्मिक अनुष्ठान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री राम दरबार की मूर्तियों को प्रतिष्ठित किया गया। इस दौरान भक्तों का उत्साह चरम पर था और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रीमद् भागवत कथा और विशाल भंडारा
श्री ठाकुर जी महाराज राम जानकी मंदिर धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अक्षत तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि “मंदिर प्रांगण में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन चल रहा है, जिसका आज चौथा दिन है। इस आध्यात्मिक महोत्सव का समापन 13 मार्च को एक विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा।”
इस गरिमामयी आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।




