November 6, 2026 4:23 am

रहीमाबाद: शटरिंग का काम करते समय 11,000 वोल्ट की लाइन की चपेट में आया कारीगर, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर

​लखनऊ/मलिहाबाद। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। शटरिंग का काम कर रहे एक 28 वर्षीय कारीगर छत के ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आ गया। करंट का तेज झटका लगने से वह सीधे नीचे जा गिरा, जिससे उसके सिर, नाक, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।

​जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलहर निवासी उमाकांत (28) पुत्र मूलचंद शटरिंग कारीगर का काम करता है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह लखनऊ-हरदोई राजमार्ग के किनारे ग्राम तरौना में पूर्व प्रधान अयूब मंसूरी की निर्माणाधीन मार्केट की छत पर शटरिंग लगा रहा था। (उक्त जमीन लखनऊ-उन्नाव जिले की सीमा पर लगती है)। काम करते समय अचानक उसकी लोहे की हथौड़ी छत के ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की बिजली की लाइन से छू गई।

​करंट लगते ही उमाकांत बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत और गंभीर चोटों को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया है। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

​हादसे की सूचना मिलने पर औरास (उन्नाव) और रहीमाबाद (लखनऊ) दोनों थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तरफ से लिखित तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!