न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। नवाबों के शहर में महिला क्रिकेट को नई उड़ान मिलने जा रही है। क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) पहली बार लखनऊ वुमेन्स प्रीमियर लीग (LWPL) का आयोजन करने जा रहा है। लीग के मुकाबले 23 सितंबर से शुरू होंगे और फाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा।
सीएएल के अध्यक्ष एवं लीग के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि यह लखनऊ ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। अभी तक प्रदेश में यूपी टी-20 जैसी लीग केवल पुरुषों के लिए होती रही हैं, लेकिन पहली बार महिलाओं के लिए इस स्तर की टी-20 लीग हो रही है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मजबूत मंच मिलेगा।
सेज ग्राउंड और केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होंगे मैच
लीग के शुरुआती मुकाबले गोमती किनारे बने सेज क्रिकेट ग्राउंड पर डे-नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। वहीं सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले फ्लड लाइट में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होंगे।
सीएएल के सचिव के एम खान ने बताया कि लीग में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी – लखनऊ वारियर्स, लखनऊ चैलेंजर्स, रहीमाबाद रायल्स, लखनऊ नवाब्स क्वीन, लखनऊ शेरनीज और सेज फाल्कन। प्रतिस्पर्धा का स्तर बनाए रखने के लिए हर टीम में अन्य जिलों की दो-दो खिलाड़ियों को भी शामिल किया जाएगा जो बीसीआई की ट्रॉफी खेल चुकी हैं।
140 खिलाड़ियों का चयन, 18 सितंबर को नीलामी
खान ने बताया कि मंगलवार को हुए 7 घंटे के मैराथन ट्रायल में 140 खिलाड़ियों को चुना गया है। इसमें इंडिया-ए की चांदनी शर्मा, संध्या यादव, सोनाली सिंह, आरजू सिंह, अंशु तिवारी, शशि बालन, अरीशा मुस्तफा, संध्या क्षेत्री जैसी चर्चित खिलाड़ी शामिल हैं। सभी 140 खिलाड़ियों को नीलामी सूची में रखा गया है।
हर फ्रेंचाइजी टीम में 20-20 खिलाड़ी होंगी। इस तरह 120 खिलाड़ी मुख्य टीमों में रहेंगी, जबकि बाकी 20 खिलाड़ी नेट और फील्डिंग में टीमों की मदद करेंगी और एक्सपोजर लेंगी। खिलाड़ियों की नीलामी 18 सितंबर को होगी।
लीग फॉर्मेट
लीग के सभी मैच 20-20 ओवर के होंगे, जिसमें 6 ओवर का पावरप्ले रहेगा। बराबरी की स्थिति में नतीजे के लिए सुपर ओवर का नियम लागू होगा। छह टीमों को दो पूल में बांटा गया है, हर पूल में तीन टीमें। हर पूल से टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी, फिर फाइनल खेला जाएगा।





