फार्च्यूनर की चाबी, मोबाइल फोन व 1,466 रूपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। महाराणा प्रताप चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह का अपहरण कर उनकी बेरहमी से हत्या करने वाले एक और हत्यारोपी को इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी की टीम ने मंगलवार गिरफ्तार कर लिया है। इससे पुलिस ने हत्या की गुमशुदगी दर्ज कराने वाले चालक रवि को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा था। जबकि मुकदमे में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सनद रहे कि मूल रूप से उन्नाव जिले के राजेपुर निवासी और महाराणा प्रताप चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह को उनका चालक रवि अपने मित्र ओमकार साहू के साथ सेक्टर 11 स्थित घर से उन्हीं की फार्च्यूनर कार में लेकर चला गया और अपनी लोकेशन दो अन्य साथियों को साझा कर धीरेन्द्र प्रताप सिंह को दूसरी कार में बैठाकर अगवा कर आंख में मिर्ची पाउडर झोंककर गोली मारकर हत्या कर दी और घटनास्थल से बीस किलोमीटर दूर दुबग्गा क्षेत्र में शव नहर किनारे फेंककर भाग निकले थे।
इस मामले में मृतक की पत्नी ममता सिंह ने चालक रवि पर शक जाहिर करते हुए थाने में चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस चालक रवि को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह पहले गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया और अपना जुर्म इक़बाल कर लिया। पुलिस आरोपित की निशानदेही पर शव नहर किनारे से बरामद कर मामले की पड़ताल शुरू की। धीरेन्द्र के माथे और सीने में गोली लगी थी।
इस घटना में शामिल मूल रूप से छत्तीसगढ़ व हाल पता गोमतीनगर विस्तार स्थित खरगापुर निवासी 24 वर्षीय ओमकार साहू पुत्र माधवराम को इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी की टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर के मुताबिक इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।




