कमरे में अवैध पिस्टल से कनपटी पर मार ली गोली
कमरे से अवैध असलहा बरामद
महिपाल खेड़ा चौकी क्षेत्र के सरसवां गांव में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अवैध असलहों से खुद को गोली मारकर जान देने का सिलसिला बरकरार है जो थमने का नाम नहीं ले रहा है। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के महिपाल खेड़ा गांव चौकी क्षेत्र स्थित सरसवां गांव निवासी 29 वर्षीय यसार्थ शरण यादव नशे में धूत होकर कमरे में पत्नी के सामने अवैध पिस्टल से कनपटी पर सटाकर खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य कमरे की ओर भागकर गए तो देखा कि शरण खून से लथपथ होकर तड़प रहा था। यह माजरा देख घरवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में परिवार की मदद से घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को मौके से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है। वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी ने बताया कि महिपाल खेड़ा चौकी क्षेत्र स्थित सरसवां गांव निवासी शिव शरण यादव परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि घरवालों ने बताया उनका 29 वर्षीय बेटा यसार्थ शरण यादव कहीं से अवैध पिस्टल लेकर घर आया था और अपनी पत्नी को दिखा रहा था कि उसी दौरान पिस्टल की मैगजीन नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि पिस्टल में एक राउंड फंसा रह गया था, जिसे वह कनपटी पर सटाकर कह रहा था कि मैगजीन निकल गई है इससे कुछ नहीं होगा। तभी ट्रिगर दबा दिया, जिससे गोली उसकी कनपटी पर जा धंसी। यह मंजर देख पास में तमाशबीन बनी खड़ी पत्नी चीख-पुकार करते हुए कमरे से बाहर निकल पड़ी। उसकी चीख-पुकार सुनकर घरवाले मौके पर गए तो देखा कि उनका बेटा खून से लथपथ होकर तड़प रहा था और पास में ही अवैध पिस्टल पड़ी थी।
यह माजरा देख घरवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में सिविल अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मौके पर फोरेंसिक टीम व फिल्ड यूनिट को बुलाया और घटनास्थल से अवैध पिस्टल व एक कारतूस खोखा बरामद कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। वहीं मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।





