औरास, उन्नाव। (संवाददाता) विकास खण्ड औरास के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पूराचांद के मजरा हर्बलखेड़ा गांव में इन दिनों ग्रामीणों का जीना मुहाल हो रखा है। गांव की मुख्य सड़क पर भारी मात्रा में कीचड़ और जलभराव होने के कारण आने-जाने वाले राहगीरों और स्थानीय निवासियों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, लंबे समय से सड़क की मरम्मत न होने और जल निकासी की सही व्यवस्था न होने की वजह से पूरी सड़क दलदल में तब्दील हो चुकी है। इस रास्ते से गुजरने वाले स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। आए दिन लोग इस कीचड़ में फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।मामले को लेकर गांव के शिकायतकर्ता सुशील कुमार, मोनू, सुनील, सोनू कुमार आदि ग्रामवासियों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बाद भी इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विकास खंड अधिकारी से इस मामले का संज्ञान लेकर सड़क निर्माण कराने और लापरवाह जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से निजात मिल सके।




