मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र में आज रविवार को पुलिस टीम ने गिरफ्तारी वारंट के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय कमिश्नरेट लखनऊ के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों, पुरस्कार घोषित अपराधियों और सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) लखनऊ के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त मलिहाबाद के पर्यवेक्षण में रहीमाबाद पुलिस ने कार्रवाई की।
प्रभारी निरीक्षक रहीमाबाद के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने न्यायालय एसीजे (जे.डी.) कोर्ट नंबर-34 लखनऊ द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट के अनुपालन में सरयू रावत पुत्र चोखे, उम्र करीब 55 वर्ष, निवासी औलियाखेड़ा रहीमाबाद, जनपद लखनऊ को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना मलिहाबाद (वर्तमान थाना रहीमाबाद) से संबंधित मुकदमे में धारा 60 एक्साइज एक्ट के तहत कार्रवाई लंबित थी। गिरफ्तारी के बाद वारंटी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप सिंह, महिला आरक्षी बबिता चौधरी तथा आरक्षी ओमप्रकाश शामिल रहे।




