लखनऊ। (संवाददाता) पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन उत्तरी के थाना रहीमाबाद क्षेत्र में ऑपरेशन किरण के तहत मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने पारिवारिक विवाद से परेशान पति-पत्नी के बीच काउंसलिंग एवं मध्यस्थता कराकर विवाद का सफल समाधान कराया।
पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच आपसी मनमुटाव को लेकर विवाद चल रहा था। मिशन शक्ति केंद्र की टीम एवं हल्का प्रभारी द्वारा दोनों पक्षों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया और सकारात्मक संवाद स्थापित कर मतभेद दूर करने का प्रयास किया गया। प्रभावी काउंसलिंग एवं समझाइश के बाद दोनों पति-पत्नी अपने मतभेद भुलाकर आपसी सहमति से पुनः साथ रहने के लिए तैयार हो गए।
टीम ने दोनों पक्षों को आपसी प्रेम, सौहार्द एवं विश्वास के साथ पारिवारिक जीवन आगे बढ़ाने के लिए समझाया। इस पहल से परिवार को टूटने से बचाने में सफलता मिली।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन किरण का उद्देश्य संवाद, काउंसलिंग और आपसी सहमति के माध्यम से पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाना है।
मध्यस्थता टीम में महिला उपनिरीक्षक संध्या पटेल एवं महिला कांस्टेबल रूबिया, थाना रहीमाबाद, कमिश्नरेट लखनऊ शामिल रहीं।




