घटना में इस्तेमाल स्कूटी व चोरी किए गए एक लाख चौबीस हजार सात सौ रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के अलावा मुंबई, नासिक व अहमदनगर एवं दिल्ली में आटो रिक्शा, ई-रिक्शा में सवार होकर यात्रियों का ध्यान भटकाकर चोरी तथा जेब काटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का राजफाश कर लखनऊ की क्राइम ब्रांच टीम ने बुधवार को सरगना सहित पांच हाईटेक चोरों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।
पुलिस को इनके पास से घटना में इस्तेमाल स्कूटी व एक लाख चालीस हजार सात सौ रुपए की नकदी बरामद हुई है।
गिरोह आटो रिक्शा, ई-रिक्शा में बैठकर यात्रियों का ध्यान भटकाकर उनके सामान चोरी करने के साथ मौका मिलते ही जेब काट कर भाग निकलते हैं।
पुलिस उपायुक्त अपराध किरन यादव के मुताबिक पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम महाराष्ट्र के अहमदनगर अहिल्या नगर निवासी 35 वर्षीय संदीप सुधाकर तिजोरे पुत्र स्व सुधाकर तिजोरे, सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र स्थित भरूआ गांव निवासी 35 वर्षीय अरविंद गुप्ता पुत्र कैलाश गुप्ता, महाराष्ट्र नासिक निवासी कुनाल विलास सिरसाठ पुत्र विलास सिरसाठ, मुंबई के तिलक नगर कुर्ला निवासी 25 वर्षीय जावेद अख्तर पुत्र शमशुद्दीन व गोंडा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित बेलवा बनघुसरा गांव निवासी 30 वर्षीय सोनू पुत्र जगदीश जायसवाल बताया।
उन्होंने बताया कि इस गिरोह का सरगना संदीप सुधाकर है जबकि सहयोग करने वाला जावेद अख्तर है।
ऐसे देते थे घटनाओं को अंजाम
पुलिस उपायुक्त अपराध किरन यादव ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपित शातिर किस्म के अपराधी हैं और संगठित गिरोह बनाकर हवाई जहाज से सफर कर यूपी के अलग-अलग जिलों के अलावा मुंबई, नासिक, अहमदनगर सहित कई राज्यों में घूम-घूमकर जेब काटने एवं चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है जो रेलवे स्टेशनों के आसपास तथा ट्रेनों के जनरल डिब्बों में सहयात्री बनकर यात्रियों के बीच बैठ जाते थे और मौका मिलते यात्रियों का ध्यान भटकाकर उनकी जेब काटकर भाग निकलते हैं।
यही नहीं शातिर गिरोह आटो रिक्शा व ई-रिक्शा में सवार होकर यात्रियों का ध्यान भटकाकर उनकी गाढ़ी कमाई लूट कर भाग निकलते हैं। आरोपितों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि यह लोग चोरी की रकम महंगे मकानों में रहते थे और शहर बदलने के लिए हवाई जहाज से सफर करने की बात स्वीकार किया है।




