September 18, 2026 8:25 am

आईटीआई में द्वितीय चरण के चयन परिणाम घोषित, 12 से 17 सितंबर तक होगा प्रवेश

राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी वेबसाइट पर देख सकेंगे चयन परिणाम

 

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, अलीगंज, लखनऊ द्वारा प्रदेश में संचालित राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026 (छह माह), सत्र 2026-27 (एक वर्षीय) एवं सत्र 2026-28 (दो वर्षीय) के द्वितीय चरण के चयन परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। प्रथम चरण के आवंटन के पश्चात उच्चीकरण का चयन परिणाम भी जारी किया गया है।

 

अभ्यर्थी अपना चयन परिणाम राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की वेबसाइट www.scvtup.in अथवा व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की वेबसाइट www.upvesd.gov.in/dte पर देख सकते हैं।

 

अधिशासी निदेशक एससीवीटी अभिषेक सिंह ने बताया कि द्वितीय चरण में प्रवेश की प्रक्रिया 12 सितंबर से 17 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को दिए गए लिंक पर क्लिक कर अपनी पंजीकरण संख्या एवं जन्मतिथि अंकित करनी होगी। चयन होने की स्थिति में अभ्यर्थी का बुलावा पत्र वेबसाइट पर प्रदर्शित होगा, जिसे डाउनलोड कर उसका प्रिंट प्राप्त किया जा सकता है।

 

चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन में दिए गए मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी चयन की सूचना दी जा रही है। जिन अभ्यर्थियों का चयन नहीं हुआ है, उनके लिए उनकी रैंक संबंधी सूचना प्रदर्शित होगी और उन्हें अगले प्रवेश चरण की प्रतीक्षा करनी होगी।

 

चयनित अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे बुलावा पत्र की प्रति, समस्त मूल प्रमाण-पत्र, अंक-पत्रों की प्रतियां, उनकी एक-एक प्रमाणित प्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर संबंधित चयनित संस्था के प्रधानाचार्य से निर्धारित अंतिम तिथि तक संपर्क करें। संस्थान में उपलब्ध चयन सूची से अपने चयन का मिलान कराने के उपरांत ही प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।

 

प्रवेश के दौरान राजकीय एवं निजी आईटीआई संस्थानों में अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र में अंकित विवरण के अनुसार अपडेशन प्रक्रिया में भाग लेना होगा। अपनी स्थिति के अनुसार अभ्यर्थी ‘FREEZE’ (स्थिर) अथवा ‘FLOAT’ (विस्थापित) में से किसी एक विकल्प का चयन करते हुए प्रवेश की कार्यवाही पूर्ण करेंगे।

66
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!