इलाके में फैली सनसनी, पुलिस मौके पर
दो बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम, हमलावरों की तस्वीर हुई सीसीटीवी कैमरे में कैद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीबीडी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने बीबीडी कॉलेज के दो छात्रों पर फायरिंग कर दी। गोली गाजियाबाद निवासी नितीन की हथेली में लगी, जबकि उसका साथी शुद्धांशु बाल-बाल बच गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल नितीन को तत्काल राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। शुद्धांशु की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान और तलाश में जुटी है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत कई अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
परीक्षा देने आया था नितीन
गाजियाबाद निवासी नितीन बीबीडी कॉलेज में बीसीए का छात्र है। परीक्षा में बैक आने के कारण वह परीक्षा देने लखनऊ आया था। उसका दोस्त शुद्धांशु भी बीबीडी कॉलेज से बीसीए की पढ़ाई पूरी कर चुका है। दोनों अयोध्या मार्ग स्थित पार्श्वनाथ सिटी में किराये के मकान में रहते हैं।
जूस की दुकान के पास हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, तिवारीगंज में इमलीबांध बाबा जाने वाले रास्ते पर जूस की दुकान के पास बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली नितीन की हथेली में लगी, जबकि शुद्धांशु गोली की चपेट में आने से बच गया।
फायरिंग के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा।
पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच
एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय ने बताया कि शुद्धांशु की तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।





