November 6, 2026 4:20 am

चिनहट: कैब चालक गुलफाम हत्याकांड में फरार चल रहा 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार 

चालक को अपहरण कर हत्या का मामला, इससे पहले पुलिस समीर व मोहम्मद साहिल को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। सुल्तानपुर जिले के ज्ञानीपुर शिवगढ़ निवासी कैब चालक मोहम्मद गुलफाम को अपहरण कर उसकी चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे पच्चीस हजार रुपए के इनामी हत्यारोपी बाराबंकी जिले के घुघटेर थाना क्षेत्र स्थित छिलगंवा छोटी तकिया निवासी 21 वर्षीय तौफीक अहमद पुत्र हकीक अहमद को इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा की टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है।

इस घटना में शामिल मोहम्मद साहिल व समीर को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है, जबकि तौफीक फरार चल रहा था और इसकी गिरफ्तारी के लिए डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

सनद रहे कि सुल्तानपुर जिले के ज्ञानीपुर शिवगढ़ निवासी इश्तियाक अहमद ने दो जून 2026 को अपने 22 वर्षीय भाई गुलफाम अहमद के लापता होने की गुमशुदगी चिनहट कोतवाली में दर्ज कराई थी। इस मामले में मृतक के भाई ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ अपहरण और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतक के भाई इश्तियाक अहमद ने बताया कि उनका भाई गुलफाम 22 मई को गोरखपुर से अर्टिगा कार लेकर लखनऊ के लिए निकला था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा था। इस मामले में गोरखपुर निवासी वाहन मालिक शंकर ने गुलफाम की गुमशुदगी बांसगांव थाने में दर्ज कराई थी। चिनहट क्षेत्र की लोकेशन मिलने के बाद घरवालों ने दो जून को चिनहट कोतवाली में गुलफाम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र की टीम मामले की छानबीन कर रही थी कि इसी दौरान भाई के पास अनजान नंबर से आई कॉल आई थी। इस पर इंस्पेक्टर चिनहट की टीम सक्रिय हुई और आनन-फानन में हुसैनगंज निवासी आदिल, उसके भाई साहिल और एक अन्य के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर सलाखों के पीछे भेजा, लेकिन इस हत्याकांड में शामिल बाराबंकी निवासी तौफीक फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसकी गिरफ्तारी के लिए डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। रविवार को फरार चल रहे इनामी बदमाश तौफीक को इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमरनाथ चौरसिया, उपनिरीक्षक अभय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप पाण्डेय, उपनिरीक्षक अंकुश, कांस्टेबल शिवानंद खरवार, कांस्टेबल तरनजीत सिंह व हेड कांस्टेबल गजेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!