November 6, 2026 3:49 am

चिनहट: तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलटा, दबकर किशोरी की मौत

रिक्शा सहित चालक गिरफ्तार, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी 

अयोध्या रोड आदर्श ढाबा के पास हुई घटना का मामला 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। चिनहट क्षेत्र के अयोध्या रोड पर आदर्श ढाबा के पास गुरुवार दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे तेज रफ्तार से प्लाई लादकर आ रहा ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में दबकर 16 वर्षीय प्रियंका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा और चौकी प्रभारी अभिषेक तिवारी सहित कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल किशोरी को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि गुरुवार दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे ई-रिक्शा यूपी 32 वीएन1994 का चालक प्लाई लादकर जा रहा था कि इसी दौरान आदर्श ढाबा के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। उन्होंने बताया कि चिनहट के सेमरा निवासी प्रियंका पुत्री महेंद्र अपनी बहन निशा के साथ जा रही थी कि प्लाई के नीचे प्रियंका दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। इंस्पेक्टर के मुताबिक आनन-फानन में उसे अस्पताल भिजवाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी अभिषेक तिवारी के मुताबिक जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि मृतका मूल निवासी सीतापुर जिले के रामपुर कला थाना क्षेत्र स्थित भेलसपुर गांव की रहने वाली थी। उन्होंने बताया कि ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन की जा रही है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!